फिल्म पद्मावती का विवाद राजनीतिक संगठनों के लिए फायदे की रोटी सेकने वाला साबित हो रहा है। नए घटनाक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एमपी में फिल्म 'पद्मावती' को बैन करने का निर्णय किया है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के फिल्म बैन करने का निर्णय सबसे अधिक राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए मुसीबतें बढ़ाने वाला है। राजस्थान के मेवाड़ से सबंध रखने वाली महारानी पद्मिनी पर बनी विवादित फिल्म को अब राजस्थान में भी बैन करने की मांग और अधिक हवा पकड़ेगी। इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए यूपी में फिल्म रिलीज को सवाल उठा चुके है।
शिवराज ने फिल्म पर बैन लगाने के साथ कहा है कि पद्मावती राष्ट्रमाता है और इतिहास से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिल्म का जब से निर्माण शुरू हुआ था, तभी से राजस्थान में बवाल मचा हुआ है। जयपुर में फिल्म की शूटिंग करते समय करणी सेना के सदस्यों ने निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली की पिटाई तक कर दी थी। अब जब फिल्म बन कर तैयार है, तो राजस्थान में सबसे अधिक विरोध दर्ज करवाया जा रहा है।