बारिश शुरू होने के साथ ही प्रदेश में कई जगह बच्चों की अठखेलियां भी शुरू हो गई हैं। आज ऐसे ही मौसम का लुत्फ उठाने निकले सात बच्चे तालाब में डूब गए।
मामला राजस्थान के बूंदी जिले से जुड़ा है। यहां के नैनवा थाना इलाके में आने वाले दुगारी गांव के रैगर मोहल्ले में रहने वाले चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दरअसल, ये बच्चे यहां तेजाजी मंदिर के पास तलाई नाड़ी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चे का पैर फिसला और फिर एक दूसरे को बचाने के चक्कर में चारों डूब गए। डूबने वालो में 12 साल का कुलदीप और प्रियंका, 13 साल का गोलू और 15 साल की सुमन है।
उधर, बूंदी के ही कमलेश्वर महादेव कुण्ड में डूबने से बालिका आंचल की भी मौत हो गई।
ऐसी ही एक अन्य घटना जालौर के भीनमाल में हुई। जहां जुजाणी गांव के तालाब में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये बच्चे भी यहां नहाने के लिए आए थे।