भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिनके घर शीशे के हों वो दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंकते। वहीं हैसियत की बात करें तो अशोक गहलोत जी इतिहास से बाहर निकल देश के वर्तमान जनादेश पर नजर डालें। 2023 में राजस्थान की जनता आपको आपकी हैसियत भी दिखा देगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार में चल रहे झगड़े का असर राजस्थान सरकार पर हुआ। राजस्थान का विकास ठप हुआ। यह सारी कमजोरियां केवल कांग्रेस के झगड़े के कारण उजागर हुई हैं। 4 साल तक कांग्रेस का आलाकमान सोता रहा। 50 दिन बाड़े में बंद रहकर इस सरकार ने एक विश्व रिकॉर्ड बनाया है। राजस्थान को अपराधों की राजधानी बनाने वाली कांग्रेस पार्टी, राजस्थान को बेरोजगारी में नंबर वन बनाने वाली पार्टी, राजस्थान को दुष्कर्म में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन, यह कांग्रेस सरकार का राजस्थान मॉडल है।
बता दें कि सीएम गहलोत ने भाजपा को नसीहत दी थी कि वो अपनी औकात में रहे। वे कांग्रेस के मामलों में दखल न दें। भाजपा की इतनी औकात नहीं है कि वे कांग्रेस के मामलों में दखल दे सकें।