राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सोमवार को राजस्थान के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगी। आरएलपी वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा और पूर्व में हुई रीट सहित विभिन्न भर्तियों के आउट हुए पेपर से जुड़े मामलों की सीबीआई जांच करवाने की मांग करेगी। इसके साथ ही राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को बर्खास्त करने और शिक्षा मंत्री से त्याग पत्र की मांग की जाएगी।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि 2013 से लेकर अब तक एक दर्जन भर्तियों के पेपर आउट होने के कारण परीक्षाएं रद्द हुई हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के शासनकाल में पेपर आउट हुए। सांसद बेनीवाल ने ट्वीट कर कहा कि वसुंधरा और गहलोत दोनों के शासन काल में पेपर आउट हुए। उन्होंने सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि क्या पेपर आउट करवाने में भी गहलोत और वसुंधरा का गठजोड़ है ?
सांसद ने कहा कि शिक्षक भर्ती परीक्षा के आउट हुए पेपर में जिस एक आरोपी की मुख्य संलिप्तता सामने आई, वो एक दर्जन कांग्रेसी नेताओं और मंत्रियों के ट्वीटर हैंडल ऑपरेट करता है। जिससे जाहिर है कि निश्चित तौर पर सत्ता पक्ष में बैठे किसी न किसी व्यक्ति की संलिप्तता है। वहीं सांसद ने कहा कि पूर्व में रीट सहित कई भर्तियों के पेपर आउट करवाने में मंत्रियों और ब्यूरोक्रेट्स के नाम सामने आए हैं। ऐसे में सरकार को सीबीआई से जांच करवाने की जरूरत है।