अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में रहने वाले एक किराएदार ने अपने मकान मालिक और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। घटना में मकान मालिक के सिर में गंभीर चोटें आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
सुभाषनगर निवासी मनोज कश्यप ने बताया कि उसके मकान के किराएदार शेरू और जुनैद ने पिछले तीन माह से बिजली का बिल नहीं भरा। जब उनके पास बिजली विभाग का नोटिस आया तो उन्होंने किराएदार को बिल भरने की बात कही और उनकी लाइट काट दी। यह बात शेरू और उसके परिवार को नागवार गुजरी। उन्होंने मौका पाकर उस पर लोहे के सरिए से हमला कर दिया जिससे वह लहुलुहान होकर गिर पड़ा। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी पत्नी के भी कपड़े फाड़ दिए इसके बाद वह मौके से फरार हो गए।
मनोज ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से वो अस्पताल पहुंच पाए। मनोज ने अपने किराएदार शेरु और जुनैद के खिलाफ रामगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है जिसके बाद पुलिस आरोपियों की सघनता से तलाशी कर रही है।