राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश टाटिया
लव जिहाद का हवाला देकर की गई हत्या के मामले में मानवाधिकार आयोग ने प्रसंज्ञान लिया है। राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने राजसमंद में हुई इस बर्बर हत्या की घटना को लेकर कहा है कि एेसी घटनाओं से तो पशुओं का भी मानवता से विश्वास उठ जाएगा।
गौरतलब है कि लव जिहाद के नाम पर राजस्थान के राजसमंद में हैवानियत की हदें पार करते हुए हत्या का वीडियो बनाया गया था, जिसे आरोपी द्वारा वायरल कर दिया गया। इस नृशंस हत्याकांड पर प्रसंज्ञान लेते हुए राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश टाटिया ने कई गम्भीर टिप्पणियां कीं।
उन्होंने कहा कि पशु भाग्यशाली है कि वे मानव नहीं है, मानव इस धरती के रचयिता की सर्वश्रेष्ठ कृति है, मगर इस घटना के बाद इस कथन का औचित्य समाप्त हो चुका है।' आयोग राजसमंद में हुई इस घटना को लेकर काफी ज्यादा नाराज है और इतिहास में कभी भी मानवाधिकार आयोग द्वारा किसी मामले ऐसी तल्ख टिप्पणी नहीं की गई है।