जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, झालावाड़, कोटा, बूंदी, बारां में शनिवार को बारिश हो सकती है। वहीं रविवार से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में गर्मी और उमस फिर से बढ़ सकती है।
राजस्थान में अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। शनिवार से मानसून की गतिविधियों में कमी आएगी। एक बार फिर लोग गर्मी और उमस से परेशान हो सकते हैं। वहीं शनिवार को भरतपुर, कोटा, उदयपुर और जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम का रुख अब बदल गया है। इसके प्रभावी होने के कारण यह सिस्टम अब अपना रुख बदलकर उत्तरी दिशा में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की ओर शिफ्ट हो गया है। इसी कारण अब राजस्थान में बारिश का दौर धीमा पड़ गया है। आगामी तीन चार दिन केवल छुटपुट स्थानों पर हल्की दर्जे की बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में 17 सितंबर से मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।
आज और कल यहां बरसेंगे बदरा
जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, झालावाड़, कोटा, बूंदी, बारां और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। रविवार को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
विज्ञापन
जयपुर में शुक्रवार की शाम को अचानक मौसम बदल गया। राजधानी में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। शुक्रवार शाम को राजधानी जयपुर में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चली।मौसम सुहावना होने से आमजन को गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं झालावाड़, बांसवाड़ा समेत अन्य जगह पर तेज बारिश हुई।