राजस्थान में मॉनसून की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। अगले सप्ताह कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान की तरफ से आने वाली पश्चिमी हवा का असर धीरे-धीरे दिखेगा। वातावरण में सूखापन बढ़ने लगा है। बंगाल की खाड़ी में भी अब कोई नया साइक्लोनिक सिस्टम नहीं बन रहा, जिसके चलते अगले सात दिन तक तेज बरसात होने के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि, हल्की-फुल्की बारिश होती रहेगी।
मौसम शुष्क रहने से पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में अगले दो-तीन दिन तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस इजाफा देखने को मिल सकता है। हालांकि, इस दरम्यान कहीं-कहीं हल्के बादल छाने और बूंदाबांदी की भी संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के कोटा संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की उम्मीद है। हल्की बारिश का दौर एक-दो दिन तक जारी रह सकता है, जिसके बाद यहां का मौसम शुष्क हो जाएगा।
हालांकि, फिलहाल किसानों के लिए मौसम अनुकूल है। सोमवार को प्रदेश में एक दो जिलों को छोडकर तकरीबन सभी जगह दिन का तापमान 32 डिग्री या इससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान श्रीगंगानगर का 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में मॉनसून की चाल अब धीमी हो गई है।
मानसून की सुस्त पड़ी इस चाल को लेकर मौसम विभाग का कहना है, प्रदेश में फिलहाल ऐसी ही स्थिति बनी रहनी है। माना जा रहा है, प्रदेश में इस बार मॉनसून जल्द ही विदाई ले लेगा। इस बार सितंबर महीने के पहले सप्ताह में मानसून की विदाई की संभावना जताई जा रही है। देश में मॉनसून का मौसम एक जून से शुरू होता है और 30 सितम्बर को समाप्त होता है।
पिछले साल मॉनसून 17 सितम्बर को सामान्य तिथि के 19 दिन देरी से था। इस बार मानसून की स्थिति सही रही। लगातार अच्छी बारिश के चलते जहां नदी-तालाब लबालब हो गए। वहीं, कई जिलों में प्यास बुझाने वाला बीसलपुर बांध का कोटा भी लगभग पूरा हो गया है। बीसलपुर बांध में 99 प्रतिशत पानी आ चुका है।
जयपुर मौसम केन्द्र जल संसाधन विभाग से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, कल सबसे ज्यादा बरसात श्रीगंगानगर के केसरी सिंहपुर में दो इंच (69MM) दर्ज हुई। यहां अच्छी बरसात के बाद सड़कों पर पानी भरा नजर आया।
इसी तरह करणपुर में 14 मिमी, मिर्जेवाला में 17 और हिंदूमलकोट में 11 मिमी बरसात हुई। इधर, हनुमानगढ़ के नोहर एरिया में भी बीती रात तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। वहीं, दिन में संगरिया एरिया में भी पानी बरसा। सिरोही, उदयपुर के गोगुंदा, झाड़ोल और अजमेर के विजयनगर में भी हल्की बारिश हुई।