राजस्थान के पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि कैलाश मेघवाल द्वारा की गई उनकी शिकायत पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। यदि उन्होंने मेरी शिकायत की है तो पार्टी जांच करेगी। मैं पार्टी के निर्णय का पालन करूंगा।
बता दें, मेघवाल ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को कटारिया की शिकायत की है। मेघवाल ने पत्र में कटारिया पर पार्टी को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
वसुंधरा के करीबी हैं मेघवाल
बता दें, राजस्थान भाजपा में चल रहा आंतरिक कलह मंगलवार को तब जगजाहिर हो गया था, जब भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के करीबी वरिष्ठ नेता व विधायक कैलाश मेघवाल ने गुलाब चंद कटारिया पर जमकर निशाना साधा है।
राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष मेघवाल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया को पत्र लिखकर राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया पर अपने बयानों से हाल ही में हुए उपचुनाव में पार्टी के हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
कैलाश मेघवाल द्वारा विधानसभा में पार्टी के नेता गुलाब चंद कटारिया के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने के लिए प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया को लिखा एक पत्र मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि, मेघवाल ने इस बारे में टिप्पणी से इनकार किया जबकि पूनिया ने कहा कि उन्हें ऐसा कोई पत्र अभी नहीं मिला है।
मेघवाल व कटारिया दोनों भाजपा के कद्दावर नेता
मेघवाल का पत्र ऐसे समय में सामने आया है जब दो दिन बाद नौ सितंबर को राजस्थान विधानसभा का सत्र फिर से शुरू होने वाला है। मेघवाल व कटारिया दोनों ही राजस्थान भाजपा के कद्दावर नेता हैं। मेघवाल पिछली वसुंधरा राजे सरकार में विधानसभा के अध्यक्ष थे तो कटारिया मंत्री रहे।