राजस्थान में अजमेर और अलवर व मांडलगढ़ विधानसभा सीट पर आगामी 29 जनवरी को उपचुनाव होने वाले हैं। आज शाम दोनों ही पार्टियों की ओर से किया जा रहा प्रचार बंद हो जाएगा। ऐसे में आज प्रचार का अंतिम दिन रोड शो के नाम रहा।
जानकारी के अनुसार, अजमेर लोकसभा क्षेत्र और मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी-कांग्रेस की ओर से रोड शो किए गए। पुष्कर में कांग्रेस की ओर से निकाले गए रोड शो में मशहूर फिल्म अभिनेता और कांग्रेस नेता राजबब्बर ने प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के साथ मतदाताओं से वोट मांगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन से जुड़े राज बब्बर ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने की अपील की। इस दौरान उनके साथ अजमेर लोकसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रघु शर्मा भी रहे। यहां राजबब्बर को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। उधर, भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप लांबा के समर्थन में स्थानीय विधायकों और मंत्रियों ने सघन जनसंपर्क किया।