राजस्थान के छह जिलों में पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों के चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद कुल 5826 उम्मीदवार चुनाव में अपनी किस्मत आजमाते नजर आएंगे। एक चुनाव अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राजस्थान के छह जिलों भरतपुर, दौसा, जयपुर, जोधपुर, सवाई माधोपुर और सिरोही जिलों में 200 जिला परिषद सदस्यों और 1,564 पंचायत समिति सदस्यों के लिए चुनाव तीन चरणों में 26, 29 अगस्त और एक सितंबर को प्रातः 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं सचिव चित्रा गुप्ता ने बताया कि जिला परिषद सदस्यों के लिए 653 उम्मीदवार तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए 5,173 उम्मीदवार अपनी राजनीतिक किस्मत आजमाएंगे। उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्य के लिए एक और पंचायती समिति सदस्य के लिए 26 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में सम्मिलित छह जिलों में कुल 77 लाख 94 हजार 3 सौ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 41 लाख 23 हजार 30 पुरुष मतदाता तथा 36 लाख 71 हजार 246 महिला मतदाता एवं 24 अन्य मतदाता हैं।
चित्रा गुप्ता ने बताया कि कुछ सदस्यों के निर्विरोध चुनाव के बाद 199 जिला परिषद सदस्य, 1538 पंचायत समिति सदस्य, 6 जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख एवं 78 प्रधान, उप प्रधानों के लिए अब चुनाव होना है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए चुनावी रैली, आम सभाओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उम्मीदवार केवल पांच समर्थकों के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकेंगे।
मतगणना चार सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रातः 9 बजे से होगी। प्रमुख और प्रधान का चुनाव 6 सितंबर को जबकि उप प्रमुख, उप प्रधान का चुनाव 7 सितंबर को होगा।