किशनगढ़ में परिवहन कार्यालय में वाहनों पर नम्बर प्लेट लगाने में हो रही अवैध वसूली से नाराज लोगों ने सोमवार मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते भीषण गर्मी में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग ने नम्बर प्लेट लगाने के लिए जो दर निर्धारित कर रखी है, उससे पांच गुना राशि वसूली जा रही है। इस अवैध वसूली की शिकायत विभाग के अधिकारियों से भी की, लेकिन आपस में सांठ-गांठ होने के कारण अब तक ठेकेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे साफ जाहिर होता है कि विभाग के अधिकारियों की शह के चलते यह कार्य हो रहा है।
इस अवैध वसूली के विरोध को लेकर लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, जिसमें सैंकड़ों वाहन चालक फंसे हुए हैं। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी समझाइश का प्रयास कर रहे हैं लेकिन आक्रोशित लोग मानने को तैयार नहीं है। गौरतलब है कि नम्बर प्लेट लगाने के नाम पर अवैध वसूली का यह पहला मामला नहीं है। कई स्थानों पर पहले भी इस तरह का विरोध हो चुका है, लेकिन इनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से ये लोग पुन: मनमर्जी की राशि वसूलना शुरू कर देते हैं।