कांग्रेस ने 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की स्टेट लेवल कॉर्डिनेशन कमेटी बनाई।
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के एक्सटेंशन में 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलने वाले दो महीने के 'हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' की तैयारियां राजस्थान कांग्रेस ने तेज कर दी हैं। राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने राजस्थान में इस अभियान को सफल रूप में चलाने के लिए मुख्यालय सचिव रामसिंह कस्वा के कॉर्डिनेशन में 8 सदस्यीय कमेटी बनाई है। जिसमें को-कॉर्डिनेटर पीसीसी सचिव जसवंत गुर्जर होंगे। जबकि सचिव राजेंद्र यादव, देशराज मीणा, नरेश चौधरी, राजेंद्र आर्य, छोटूराम मीणा, राहुल भाकर को कमेटी मेम्बर नियुक्त किया गया है।
मंत्री,जिलाध्यक्ष, जिला कॉर्डिनेटर से कॉर्डिनेशन करेगी कमेटी
यह कमेटी डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर, ब्लॉक कॉर्डिनेटर, ब्लॉक अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और प्रभारी पदाधिकारी, प्रभारी मंत्रियों के साथ कॉर्डिनेशन बनाकर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को बिना रुकावट चलाने के लिए काम करेगी। अभियान की डेली प्रोग्रेस रिपोर्ट और फीडबैक लेकर पीसीसी को जानकारी देगी।
17 जनवरी को नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की पहली बैठक
डोटासरा ने राजस्थान में कांग्रेस के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की भी एक बेहद जरूरी बैठक 17 जनवरी को सुबह 11 बजे पीसीसी मुख्यालय, इंदिरा गांधी भवन जयपुर में बुलाई है। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की इस पहली बैठक में उनका स्वागत करने के साथ ही प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा संगठन और पीसीसी के आगामी कामों की डिटेल में चर्चा करेंगे। सभी ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन मजबूत करने के टास्क दिए जाएंगे। इस दौरान एआईसीसी के निर्देशों के मुताबिक ब्लॉक अध्यक्षों के साथ हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के ब्लॉक लेवल पर होने वाले कार्यक्रमों का रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।