जयपुर के जेएलएन मार्ग पर पैंथर
- फोटो : Amar Ujala
राजधानी जयपुर के आबादी क्षेत्र में स्थित स्मृति वन में अब केवल एक पैंथर रह गया है। बाकी दो पैंथर जंगल में लौट गए है। यह दावा है वन विभाग का। अभी तक यह माना जा रहा था कि यहां पर तीन सदस्य वाली पैंथर फैमिली मौजूद है। वन विभाग के अधिकारियों की मानें तो वहां अब केवल एक पैंथर बचा है। दो पैंथर जिनमें एक शावक भी है, झालाना जंगल में लौट गया है। यहां पर जो पगमार्क मिल रहे हैं उसके आधार पर यह दावा किया जा रहा है।
दूसरी तरफ वन विभाग ने यहां पैंथर को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार की रात पिंजरा लगाया था उसमें भी शनिवार सुबह तक शिकार नहीं फंसा। इस शिकार को फंसाने के लिए इस पिंजरे में बकरी भी बांधी है। पैंथर इस पिंजरे के आसपास आया है लेकिन, उसने बकरी का शिकार नहीं किया। गौरतलब है कि पांच मार्च की रात को पैंथर फैमिली झालाना से भटक कर जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर आ गई थी। यहां पर इधर—उधर घूमने के बाद ये पैंथर स्मृति वन में चले गए। इसके बाद से स्मृति वन में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह बन्द कर रखा है।