जंगल से करीब पांच किलोमीटर दूर आबादी के नजदीक स्थित एक फैक्ट्री में आए पैंथर को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। इसे वापस में जंगल में छुड़वा दिया गया है।
यह घटना राजस्थान के सवाई माधोपुर की है। यहां साहू नगर में आज पैंथर घुस आने की सूचना वन विभाग को मिली। इस पर मौके पर पहुंची टीम ने इस पैंथर को कुछ देर में रेस्क्यू कर लिया और वापस जंगल में छोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री बंद पड़ी है और आबादी इलाके के पास है। जबकि रणथंभौर नेशनल पार्क से इसकी दूरी करीब पांच किलोमीटर है। यह पैंथर रणथंभौर से यहां पहुंचा था। जानकारों का कहना है कि रणथंभौर में टाइगर की आबादी बढ़ी है इससे पैंथर और दूसरे वन्यजीवों के लिए संकट पैदा हो गया है। संभवत: यह पैंथर टाइगर के खौफ की वजह से जंगल से बाहर निकला और फिर रास्ता भटककर यहां फैक्ट्री तक पहुंच गया। इस फैक्ट्री में पहले भी पैंथर आ चुके हैं।