मनरेगा की तर्ज पर रोजगार गारंटी कार्ड बनाया जाएगा जबकि 170 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाएगी।
महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत जूनियर तकनीकी सहायक असिस्टेंट और सहायक लेखाधिकारी के पदों पर पंचायती राज विभाग 727 पदों पर जल्द भर्ती करेगा। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि महात्मा गांधी नरेगा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रबंधन के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जूनियर तकनीकी सहायक के 360 पद एवं सहायक लेखाधिकारी के 367 पदों को संविदा पर भरने के लिए वित्त विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।
राठौड़ ने बताया कि वित्त नियम एवं केन्द्र सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार पदाें को भरा जाएगा। इस संबंध में जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि उक्त पदाें का चयन केवल संविदा आधार पर जिला स्तर पर विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएं।
राठौड़ ने बताया कि जिला स्तर पर चयन के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा जिसमें अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, जिला कलेक्टर का प्रतिनिधि एवं अधिशाषी अभियंता (मनरेगा) जिला परिषद के लेखाधिकार व सहायक लेखाधिकारी सदस्य होंगे।