विवादित फिल्म 'पद्मावती' को लेकर निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली, पद्मावती की भूमिका निभा रहीं दीपिका पादुकोन, अलाउद्दीन खिलजी बने रणवीर सिंह और राणा रतन सिंह बने शाहिद कपूर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अदालत ने इनके सहित 11 लोगों के खिलाफ दायर परिवाद को स्वीकार कर लिया है।
जयपुर की एसीजेएम कोर्ट- 16 में दुर्गापुरा निवासी भवानी शंकर शर्मा की ओर से परिवाद दिया गया था। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि पद्मावती को पूजा जाता है और फिल्म में इतिहास से छेड़छाड़ कर तोड़ मरोड़कर उसे पेश किया गया है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
परिवाद को एसीजेएम श्वेता ढाका ने स्वीकार कर लिया। हालांकि फिलहाल अदालत ने परिवादी की एफआईआर दर्ज करने की मांग को ठुकरा दिया है। अदालत ने कहा है कि पहले अदालत खुद मामले की जांच करेगी। अदालत में अब 27 नवंबर को आगे की सुनवाई होगी।