बीते एक माह से 'पद्मावती' फिल्म को लेकर चल रहे जोरदार विरोध के बीच एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने नहारगढ़ किले की दीवार पर लटकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या से पूर्व युवक ने चट्टानों पर कोयले से लिखा है कि पद्मावती का विरोध, हम सिर्फ पुतले नहीं लटकाते, हम जान देते हैं।
यह सनसनीखेज घटना जयपुर के नाहरगढ़ किले में आज सुबह सामने आई। जब किले में मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे कुछ लोगों ने किले की दीवार पर लटकते एक शव को देखा। लोग सहम गए और तुरंत लोगों ने स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची। इससे लोगों में रोष है। मौके पर सिविल डिफेंस टीम के सदस्य पहले पहुंच गए।
इसके बाद पुलिस और सिविल डिफेंस के सदस्यों ने शव को दीवार से ऊपर खींचा और शव के गले से फंदा निकाला। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुला लिया। पुलिस को युवक की जेब से आईडी कार्ड आदि मिला, जिससे युवक के जयपुर के शास्त्री नगर निवासी होने की जानकारी मिली है और उसका नाम चेतन सैनी है। हालांकि पुलिस अभी पहचान की पुष्टि कर रही है।