फिल्म 'पद्मावत' पर प्रतिबंध लगाने की अधिसूचना पर रोक लगाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ राजस्थान सरकार रिव्यू पिटीशन दायर करेगी।
गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि इस बारे में आवश्यक तैयारियां की जा रही है। कानून के जानकारों से सलाह ली जा रही है। उन्होंने कहा कि शनिवार को इस मामले में राजपूत समाज के प्रतिनिधियों से भी बातचीत हो चुकी है और सरकार ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि सोमवार को यह पिटीशन दायर की जा सकती है।
मुख्यमंत्री के आदेश पर बुलाई गई आपात बैठक के बाद गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कल कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को हमने पढ़ा है, सरकार के साथ समाज भी अपील करेगा, जिससे अपील को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखते हुए, पिछले आदेश के रिव्यू की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि अपील में जाने से पहले सोचा कि राजपूत संगठनों से बातचीत कर ली जाए।