प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोज प्रभावितों की संख्या बढ़ रही है। जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार इस मौत के साथ जयपुर में स्वाइन फ्लू से होने वाली मौत की संख्या 14 और प्रदेश में यह संख्या 46 हो गई है। स्वाइन फ्लू की निगरानी एवं पॉजिटिव पाए जाने पर उपचार सहित तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए राज्य नियंत्रण कक्ष सहित सभी जिलों में स्वाइन फ्लू नियंत्रण कक्ष कार्य कर रहे हैं। साथ ही, टोल फ्री 104 से स्वाइन फ्लू के लक्षण, जांच एवं उपचार के विषय में आवश्यक जानकारी ली जा सकती हैं एवं आवश्यक सूचनाएं दी जा सकती हैं। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नम्बर 0141-2225624 है।
सभी छह राजकीय मेडिकल कॉलेज, जयपुर, अजमेर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर एवं डीएमआरसी जोधपुर सहित 7 राजकीय संस्थाओं में निःशुल्क जांच की जा रही है। राजकीय चिकित्सक के परामर्श पर निःशुल्क एवं स्वंय द्वारा जांच कराने पर 500 रूपए की राशि से यह सुविधा उपलब्ध है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
चिकित्सा विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार यदि आपको बुखार, सिरदर्द, गले में खराश, नाक बहना एवं उल्टी दस्त आदि लक्षण प्रतीत होते हैं तो तुरन्त चिकित्सक से परामर्श लेना आवश्यक है।