मंच पर शिक्षा मंत्री के सामने विश्वविद्यालय के उप कुलपति को थप्पड़ मारने के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले को गम्भीर मानते हुए राज्यपाल ने दखल दिया है।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति कल्याण सिंह ने जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति आर.पी. सिंह के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना को गम्भीरता से लिया है।
कुलाधिपति सिंह ने उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी को निर्देश दिए हैं कि विश्वविद्यालय में अनुशासहीनता की घटनाओं की रोकथाम के लिए कठोर कदम उठाये जाएं। सिंह ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को भी घटना की जांच कर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, हाल ही में एक निजी कॉलेज संचालक ने राजस्थान की उच्च शिक्षा मंत्री के सामने जोधपुर की जेएनवीयू यूनिवर्सिटी के वीसी को चांटा जड़ दिया।