अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले मदन दिलावर ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। विधायक मदन दिलावर ने वीडियो जारी कर कांग्रेस नेताओं को पागल बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराने बहुत जरूरी है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार वीडियो में मदन दिलावर ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया ने कहा कि लोकतंत्र को बचाना है तो देश के प्रधानमंत्री की हत्या करने के लिए तैयार रहिए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश पटेल कहते हैं कि भगवा रंग गुंडे पहन कर घूमते हैं।
विधायक मदन दिलावर ने कहा कि यानी इनको यज्ञ की ज्वाला और सूर्य भगवान का रंग, सब में गुंडे दिखाई देते हैं। भगवा कपड़े पहनने वाले देश के साधु संत इन्हें गुंडे दिखाई देते हैं। विधायक दिलावर ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बयान का भी हवाल दिया। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने भी कहा कि आर्थिक संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। राहुल गांधी ने कहा कि जय श्रीराम मत बोलो। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हिंदुओं का अपमान करते हैं। दिलावर ने कहा कि वैसे जनता इन्हें ठीक कर देगी। पर मुझे लगता है इन सब को यदि ठीक करना है। तो इन सब को मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराएं। जिससे इनका दिमाग ठीक हो।
इससे पहले भाजपा कार्यकर्ता और किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर दिलावर ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि किसान अपनी बात कहने के लिए जा रहे थे। उन पर लाठीचार्ज करते हुए शर्म नहीं आई। गधों के लिए शेरों को परेशान किया जा रहा है।