चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने गुरुवार को मोतीडूंगरी जोन में वार्ड 53 के अंतर्गत सेक्टर 3, मालवीय नगर का दौरा किया। इस दौरे के दौरान महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा समेत नगर निगम आयुक्त रवि जैन व मोतीडूंगरी जोन उपायुक्त इन्द्रजीत सिंह भी उपस्थित थे। इस दौरे में मंत्री कालीचरण सराफ ने विशेष रूप से आदर्श विद्या मंदिर के सामने और सब्जी मंडी में बनी लगभग 300 थड़ियों को हटाकर 2 बाई 2 के कियोस्क आवंटित करने के लिए स्थान चिह्नित करने पर विचार—विमर्श भी किया।
आयुक्त रवि जैन ने बताया कि नगर निगम जयपुर के द्वारा दुकानदारों को सही स्थान उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहा है। इसके लिए सर्वे का कार्य पूरा किया जा चुका है। जल्द ही कियोस्क बनाने का काम शुरू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इन थड़ियों के कारण बाजार का यातायात बाधित रहता है। थड़ियों को अन्यत्र शिफ्ट करने से बाजार व्यवस्थित हो सकेगा। नगर निगम जयपुर की ओर से इसके लिए सर्वे करके नाप जोख का कार्य भी किया गया।
मुख्य रूप से हेमू कालानी पार्क के पास, आदर्श विद्या मंदिर के पास बने अनुपयोगी कियोस्क हटाकर और प्रधान मार्ग के नाले को छोड़कर कियोस्क के लिए जगह चिह्नित की गई। मंत्री कालीचरण सराफ, सुमन शर्मा और रवि जैन ने सेक्टर 9 का भी दौरा किया। इस दौरान सेक्टर 9 में पूर्व में आवंटित कियोस्कों के लिए पट्टे देने के विषय पर चर्चा की गई। रवि ने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि पूर्व में आवंटित कियोस्कों के विषय में पूरी जांच करवाई जाएगी।