बाड़मेर के सेड़वा थाना इलाके में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां और उसके सात माह के मासूम ने बुरी तरह जलने पर जोधपुर के अस्पताल में रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना में विवाहिता देऊदेवी और उसके सात माह के मासूम बेटे सोहन की मौत हो गई है। मृतका के परिजनों का कहना है कि उसकी बेटी के ससुराल वाले आए दिन उससे झगड़ा करते थे। इससे परेशान होकर कई बार वह पिता जीयाराम निवासी खारी बाखासर के घर आ जाती थी। देऊ के पिता जीयाराम ने सुसराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना था कि बेटी का पति और अन्य लोग उस पर अपने घर से रुपए लाने का दबाव बनाते थे।
जीयाराम ने पुलिस को बताया है कि शुक्रवार को उसकी बेटी देऊदेवी एवं उसके सात महीने के बेटे सोहन पर केरोसिन डालकर आग लगा दी गई। जिसके बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोहन की उसी दिन मौत हो गई और दो दिन बाद मां ने भी दम तोड़ दिया। जबकि, देऊ के ससुराल वालों का कहना है कि उसकी मौत खाना बनाते समय लापरवाही से हुई। मामले में मृतका के पिता ने सेड़वा पुलिस थाने में मामला दर्ज कराकर बेटी के पति हीराराम, ससुर, देवर, जेठ पर दहेज मांगने का आरोप लगाकर मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने दोनों मां—बेटे के बुरी तरह जले हुए शव का पोस्टमार्टम कराया है और जांच शुरू कर दी है।