जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की कथित रूप से पीट-पीट कर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है जबकि उसके साथ रह रही एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
मुहाना थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक चाय की दुकान के पास फुटपाथ पर झारखंड की एक महिला के साथ अवैध संबंध में रह रहे एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।मुहाना थाना के एसएचओ लाखन सिंह ने कहा कि महिला, जो अलग-अलग समय पर तीन अन्य पुरुषों के साथ संबंधों में थी और उनसे उनके बच्चे भी हैं, वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई है।
एसएचओ ने झारखंड की रहने वाली 40 वर्षीय महिला की पहचान बसंती देवी के रूप में करते हुए कहा कि इस मामले में महिला के दो पूर्व प्रेमी मुख्य आरोपी हैं। एसएचओ ने बताया कि झारखंड से बंसती देवी अपने बेटे के साथ जयपुर आकर कन्हैया लाल रैगर के साथ रहने लगी थी। रैगर से उसके तीन बच्चे हैं। उसके बाद वह मुकेश नामक एक अन्य व्यक्ति के साथ रहने लग गई थी। जिसके साथ वह वर्तमान में रह रही थी, एसएचओ ने कहा कि इस रिश्ते से भी उसके दो बच्चे हैं। एसएचओ ने बताया कि महिला घुमंतु समुदाय की है। उन्होंने बताया कि वह पिछले कुछ समय से तीसरे व्यक्ति मोहन्या धाकड़ के साथ रह रही थी।
सिंह ने बताया कि बीती रात मुहाना क्षेत्र में उक्त तीनों शख्स ने एक जगह बैठकर शराब पी। उस दौरान झगड़े में कन्हैया और मुकेश ने कथित रूप से पत्थर से मोहन्या पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कथित रूप से बसंती की भी पिटाई की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है।
एक मंदिर के पुजारी ने मंगलवार सुबह चाय की दुकान के पास एक पुरुष और महिला को पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने कहा कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां मोहन्या को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महिला का इलाज किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में कन्हैया और एक महिला को हिरासत में लिया गया है जबकि मुकेश फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।