जयपुर के महापौर डॉ. अशोक लाहोटी बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में शहर के परकोटे के बाहर के व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से चाय पर चर्चा करेंगे। इस दौरान 15 जून 2017 तक प्लास्टिक कैरी बैग की बिक्री, उपयोग या भण्डारण तुरन्त प्रभाव से बंद करने और दुकानदारों व व्यापारियों द्वारा अपने प्रतिष्ठान पर कचरे के लिए दो अलग-अलग ढक्कनदार डस्टबिन्स रखने और अवैध होर्डिंग तुरंत प्रभाव से हटाने आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही व्यापार मंडलों द्वारा सार्वजनिक शौचालयों के संधारण में सहयोग आदि विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। इस दौरान उपमहापौर मनोज भारद्वाज, आयुक्त रवि जैन और अतिरिक्त आयुक्त डॉ. हरसहाय मीणा सहित नगर निगम जयपुर के अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी महापौर डॉ. अशोक लाहोटी 10 जून को परकोटे के सभी व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। बैठक के दौरान सभी व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों ने दुकानों के अंदर व बाहर एक-एक डस्टबिन रखने और प्लास्टिक कैरी बैग के इस्तेमाल व बेचान पर रोक पर सहमति जताई थी।