बिलकुल नए सिरे से विकसित किया गया दिल्ली अहमदाबाद रूट पर पड़ने वाला एक प्रमुख रेलवे स्टेशन 15 दिसंबर से यात्रियों के लिए शुरू किया जाएगा जहां से ट्रेनों का संचालन और ठहराव भी किया जाएगा। मार्बल सिटी के नाम से मशहूर किशनगढ़ रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसे आमजन के लिए शुरू किया जा रहा है। यहां से अब नियमित रूप से ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि वर्तमान में स्थित किशनगढ़ स्टेशन के बीच शहर में होने के कारण स्टेशन क्षेत्र काफी भीड़ भरा और छोटा पड़ रहा था, जिसके कारण यात्रियों को काफी लंबे समय से असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तथा समर्पित फ्रेट कॉरिडर के यहां से गुजरने को मद्देनजर रखते हुए शहर के समीप ही नए स्टेशन का निर्माण किया गया है। उन्होनें बताया कि शुक्रवार से नए स्टेशन के प्रारम्भ हो जाने पर रेलसेवाओं का आवागमन इसी स्टेशन से होगा और पुराने स्टेशन पर सभी तरह का आवागमन पूर्णतया बंद हो जाएगा।