जयपुर के जगदंबा विहार में दो दिन पूर्व हुई आॅनर किलिंग की वारदात में मुख्य आरोपी सास-ससुर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मृतक अमित नायर के साले मुकेश चौधरी को डीडवाना से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मुकेश ने बताया है कि घटना के बाद उसके माता-पिता डीडवाना उसके पास आए थे और दस मिनट बाद निकल गए थे। मुकेश ने बताया कि उसके पिता जीवनराम ने उससे कहा कि उन्होंने अमित का काम तमाम कर दिया हैं। मुकेश रेलवे में जेईईन हैं। वहीं पुलिस मुकेश से पूछताछ के बाद दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपी जीवनराम व भगवती देवी के साथ उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा जिसने अमित को गोली मारी थी।
गौरतलब कि 17 मई को जगदंबा विहार में रहने वाले अमित नायर की सुबह—सुबह हत्या कर दी गई थी। अमित को उसके सास—ससुर की उपस्थिति में ही उनके साथ आए एक व्यक्ति ने गोली मारी थी। दरअसल अमित ने ममता चौधरी से प्रेम विवाह किया था जिसके बाद से उसके ससुराल वाले उससे नाराज थे।