अलवर में छाछ ने दो दर्जन लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। सभी अस्पताल में भर्ती हैं और उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक रामगढ़ ब्लाक के अलावड़ा पीएचसी ब्लॉक में आने वाले फूटी बास गांव में शुक्रवार शाम अचानक एक के बाद एक 24 लोग बीमार हो गए। सभी को उल्टी व जी घबराने की शिकायत हो रही थी। जिनको इलाज के लिए रामगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया, इनमें से कुछ की हालत खराब होने पर उनको अलवर रैफर किया गया है।
इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। बीमार कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने छाछ भी पी थी, जिसके बाद उल्टियां होना शुरू हो गई। रामगढ़ ब्लॉक सीएमएचओ ने बताया कि फूटी बास गांव के करीब 24 लोग बीमार हो गए सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों में एक जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिनमें मरीजों से पूछताछ में उन्होंने छाछ पीने की बात कही थी। फिलहाल दूषित छाछ की जांच की जा रही है।