अलवर के भिवाड़ी में रविवार शाम तेल फैक्ट्री में आग लग गई। इससे आसपास के इलाके में भी अफरा—तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकलों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, भिवाड़ी की अजंता सोया तेल फैक्ट्री में रविवार शाम अचानक आग लग गई। इससे फैक्ट्री में मौजूद मजदूरों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और तुरंत अग्निशमन बेड़े को सूचना दी। इस पर मौके पर तुरंत दमकल की कई गाड़ियां पहुंच गई। दमकलों ने फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने के लिए पानी की बौछारे शुरू कर दी है। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। उधर, आग की लपटों को देखकर आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों में अफरा—तफरी का माहौल बन गया।
लोग अपने जानने वालों को बचाने के लिए फैक्ट्री की ओर दौड़ने लगे। हालांकि, छुट्टी का दिन होने से फैक्ट्री में मजदूरों की संख्या कम ही बताई जा रही है। फिर भी पुलिस—प्रशासन ने फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए पर्याप्त इंतजाम शरू कर दिए हैं। अभी किसी तरह की जनहानि की कोई सूचना नहीं है।