जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह इंटेंसिव केयर यूनिट में आग लग गई। आग उस वक्त लगी जब वार्ड में सात गंभीर मरीज थे। आग लगते ही अस्पताल में भगदड़ मच गई। चूंकि मरीज गंभीर थे तो सभी को तुरंत बाहर निकाला गया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
दरअसल बृहस्पतिवार सुबह एमडीएम अस्पताल के क्रिटिकल यूनिट के अक्यूट वार्ड बी में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। वार्ड में आग लगने के बाद धुंआ-धुंआ हो गया, जिससे मरीजों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
जानकारी के मुताबिक जब आग लगी तो वार्ड में छह मरीज मौजूद थे। उससे कुछ समय पहले ही एक मरीज डायलिसिस करवाकर वहां से रवाना हुआ था। आग लगने के बाद एकबारगी अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल हो गया और मरीज और परिजन इधर उधर भागने लगे। बताया जा रहा कि आग में प्लास्टिक और मेडिकल उपकरण आग की भेंट चढ़ गए।
सूचना के बाद अस्पताल प्रशासन के साथ ही चिकित्सक और अस्पताल के सुरक्षा कर्मी भी मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। इस बीच दमकल भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
हादसे के बाद वार्ड में भर्ती सभी मरीजो को बेड सहित पास ही दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। हालांकि आगजनी की घटना से कोई जनहानि नहीं हुई ।