राजस्थान प्रशासनिक सेवा की परीक्षा में पास नहीं होने से अवसाद में आई एक छात्रा ने मौत को गले लगा लिया। ये छात्रा आरएएस परीक्षा में फेल हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित वीरा गार्डन के पास रहने वाली एक छात्रा रेनू यादव ने घर पर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। छात्रा पूर्व में भी एक प्रतियोगी परीक्षा में सफल नहीं हो पाई थी और हाल में इसने आरएएस की परीक्षा दी थी।
छात्रा ने एक दिन पहले ही आॅनलाइन अपना परीक्षा परिणाम देखा था। इसके बाद वह अवसाद में आ गई। घरवालों के बाहर जाने के बाद छात्रा ने कमरा बंद कर पंखे से रस्सी के जरिए फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची एनईबी थाना पुलिस ने शव को अलवर के सामान्य चिकित्सालय स्थित मोर्चरी कक्ष में रखवाया। जहां परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। फिलहाल पुलिस परिजनों द्वारा दर्ज रिपोर्ट वह मौके पर मिले सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।