राजस्थान में वन्यजीव और ग्रामीणों के बीच संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा घटना बुधवार को डूंगरपुर जिले में हुई जहां ग्रामीणों ने गांव में घुसे पैंथर को पत्थरों से हमला कर मार दिया। इससे पहले इस पैंथर ने वनकर्मी समेत पांच ग्रामीणों को घायल कर दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, डूंगरपुर जिले के पाल पादर गांव में यह पैंथर बुधवार सुबह पहली बार नजर आया। इस पैंथर ने इस दौरान एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसने युवक को बचाने आए तीन और लोग भी इस पैंथर के हमले से नहीं बच सके। इससे गुस्साएं लोग इसके पीछे पड़ गए। उधर, सूचना पर उदयपुर से वन विभाग की टीम भी इसे पकड़ने के लिए पहुंच गई। बिछीवाड़ा थाना पुलिस भी गांव में पहुंच गई और इस पैंथर को तलाशने लगे।
इसी दौरान ये एक बार फिर नजर आया तो वनकर्मी इसे बेहोश करने का इंजेक्शन लगाने लगे। इसने वनकर्मी पर भी हमला उसे घायल कर दिया और ये इधर—उधर भागने लगा। ग्रामीणों ने इसे घेर लिया और पत्थर बरसाए। इससे ये बेहोश हो गया। वनकर्मी इसे लेकर बिछीवाडा पशु चिकित्सालय लाए जहां इसने दम तोड़ दिया। डूंगरपुर पशु चिकित्सालय में मेडिकल बोर्ड से पैंथर का पोस्टमार्टम करवा कर इसका नर्सरी में अंतिम संस्कार किया गया।