दोस्त के घर आकर एक व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले दोस्त और युवक के बीच कहासुनी हुई थी।
घटना राजस्थान के अलवर जिले के शाहजहांपुर थाना इलाके की है। बहरोड़ सीओ परमाल गुर्जर ने बताया कि शाहजहांपुर थानान्तर्गत मोलावास गांव में रतिराम योगी के घर उसका परिचित गंगाराम पुत्र श्रीराम गुर्जर निवासी टमोरी गांव थाना कोटपूतली मिलने आया हुआ था। वह शराब के नशे में था। इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई थी। गुस्साएं गंगाराम ने रतिराम ने की कनपटी पर रिवॉल्वर तान दी।
फिर कुछ सोच कर गंगाराम ने अपने आप को रतिराम योगी के कमरे में बंद कर लिया। थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज आई। इससे घर में हडकम्प मच गया। घर के लोगों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन गंगाराम ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर पुलिस को सूचना दी।
शाहजहांपुर थाना प्रभारी सुरेन्द्र मलिक मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो गंगाराम का शव बिस्तर पर पड़ा था। उसने रिवॉल्वर से अपने मुंह में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने रिवॉल्वर और बिस्तर के पास पड़ी शराब की बोतल बरामद की है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।