राजस्थान में रिश्वतखोर और भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसने वाली भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में एडिशनल एसपी और डिप्टी एसपी के कई पद रिक्त चल रहे है।
जिससे विभागीय काम प्रभावित हो रहे है। हाल ही में एसीबी ने विशेष चयन और सेवा की विशेष शर्तें नियम 2011 के तहत रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे है। आवेदन में पात्रता की आवश्यक शर्तें भी रखी गई है। इसके अनुसार एएसपी के पद पर चयनित होने वाले अधिकारी को एएसपी पद पर कार्यरत अधिकारी होना चाहिए तथा उपाधीक्षक पद पर पांच साल का अनुभव हो।
इसी तरह, डिप्टीएसपी पद के लिए उपाधीक्षक पद पर पहले से कार्यरत अधिकारी हो। साथ ही पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्य का पांच साल का अनुभव रहा हो। आवेदन के बाद चयन होने वाले इन अधिकारियों को उनके मूल वेतन का 25 प्रतिशत विशेष भत्ता दिया जाएगा। ऐसे में इच्छुक अधिकारी एसीबी के आॅफिस में आवेदन कर सकते है। आवेदन दाखिल करने के लिए 25 अप्रैल तक का वक्त दिया है। इसके बाद आवेदन पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा।