कहते हैं कि नशा आपके जीवन का नाश कर देता है। आज ऐसे ही दो मामले सामने आए जिसमें नशे के बाद दो जनों की जिंदगी छिन गई।
पहला मामला झुंझुनूं के बगड़ थाना इलाके का है। यहां गोठड़ी गांव में 26 वर्षीय सुनिल का शव उसके कमरे में पड़ा मिला। शव पूरी तरह खून से लथपथ था। परिजनों के मुताबिक, सुनिल बच्चों को पढ़ाता था और तीन दिन पहले ही गांव आया था। गुरुवार शाम को वह शराब लेकर घर आया और घर पर ही शराब पी रहा था। रात को खाना खाने के बाद वह सो गया और सुबह जब देखा तो कमरे में उसका शव लहुलूहान हालत में मिला। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला अलवर के एमआईए थाना क्षेत्र से जुड़ा है। यहां के कृष्णा कॉलोनी में रहने वाला 45 वर्षीय पप्पू लोहार शराब पीने का आदी था। जिसकी विषाक्त खाने से कल मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पप्पू ने शराब के नशे में विषाक्त का सेवन कर लिया। पुलिस ने आज शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।