रामगंज थाना पुलिस ने मंदिर से दानपात्र तोड़कर नगदी चुराने वाले गिरोह को शुक्रवार को धरदबोचा। गिरोह के सदस्यों ने 15 वारदात करना स्वीकार किया है। गिरोह के सदस्यों से पूछताछ जारी है।
प्रशिक्षु आरपीएस गीता चौधरी ने बताया कि धार्मिक स्थानों में चोरी की वारदात पर गहनता से जांच की गई तो सामने आया कि सोमलपुर का गिरोह इन वारदात को अंजाम दे रहा है। इस पर पुलिस टीम ने दबिश देकर गिरोह के सोमलपुर निवासी फिरोज खान और उम्मेद काठात को गिरफ्तार किया। दोनों से अलग—अलग पूछताछ में उन्होंने अजमेर के आस-पास के मंदिर—मस्जिद में 15 चोरियां करना कबूला है। इनमें कचहरी रोड से बाइक चुराना भी शामिल है।
चौधरी ने बताया कि दोनों के कब्जे से मंदिर की घंटिया, छत्र और दानपात्र बरामद किए हैं। दोनों के कब्जे से चोरी गया माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही अन्य वारदात और खुलासा होने के चलते पूछताछ जारी है।