राजस्थान का टोंक प्रदेश का एकमात्र ऐसा जिला है जिसमें हर थाना आॅनलाइन हो चुका है। टोंक जिले में एक महिला थाने समेत कुल 22 थानें हैं। राजस्थान पुलिस की सीसीटीएनएस (क्राईम क्रिमीनल ट्रेकिंग नेटवर्क सिस्टम) के माध्यम से पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी पुलिस व्यवस्था स्थापित करने के प्रयासों के तहत टोंक जिले को पूरे राजस्थान में पहला जिला घोषित किया गया है। इसका श्रेय टोंक जिले की पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन को जाता है। जिन्होंने महज आठ दिनों में यह सफलता हासिल की है।
एसपी प्रीति जैन ने बताया कि 1 मार्च,2017 को सबसे पहले सदर थाना, महिला थाना टोंक,दतवास एवं मालपुरा थाना पर सीसीटीएनएस प्रारम्भ किया गया था। इसके बाद 6 मार्च को टोंक जिले के अन्य 14 पुलिस थानों को ऑनलाईन कर दिया गया और फिर 8 मार्च को बचे हुए 4 पुलिस थानों को भी सीसीटीएनएस के तहत ऑनलाईन कर दिया गया है। इस तरह से टोंक जिले ने अपने सभी पुलिस थानों को सीसीटीएनएस पर ऑनलाईन करने में बाजी मार ली है।
अब आॅनलाइन ही घर बैठे मिल सकेगी एफआईआर की कॉपी
rajasthan police
- फोटो : File photo
टोंक में इससे अब परिवादी ऑनलाईन ही अपनी एफआईआर की प्रति प्राप्त कर सकेगा, उसे थाने पर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। जिले की पुलिस का राज्य एवं सम्पूर्ण भारत के अपराधियों के आपराधिक रिकार्ड का डेटाबेस तैयार हो जाएगा, जिससे पुलिस को अपराधी के बारे में सम्पूर्ण जानकारी तत्काल मिल जाएगी।
परिवादी द्वारा अपनी एफआईआर के सम्बन्ध में शिकायत करने पर उच्च अधिकारी अपने स्तर पर सम्बन्धित थाने की एफआईआर का अवलोकन कर सकेगा एवं सम्बन्धित अनुसंधान अधिकारी को दिशा निर्देश जारी कर सकेगा। थानों से पत्रावली मंगवाने की आवश्यकता समाप्त हो जायेगी। जिससे उच्चाधिकारियों द्वारा प्रभावी मॉनिटरिंग हो सकेगी।
रोजनामचे में होगी रियल टाइम एंट्री, फेरबदल नहीं होगा संभव
Tonk police
- फोटो : File photo
उच्चाधिकारी एफआईआर, शिकायत, आपराधिक फाईल, प्रकरण की प्रगति रिपोर्ट, पुलिस स्टेशन की प्रगति रिपोर्ट, नागरिक सेवाओं का अवलोकन कर सकते है एवं तत्काल निर्देश जारी कर सकते है। जांच रिपोर्ट को स्वीकृत/अस्वीकृत कर सकते है।
सीसीटीएनएस में पुलिस का पहला कार्य रोजनामचा आम/जनरल डायरी है, जिसके तहत पुलिस थाना की प्रत्येक होने वाली गतिविधियॉं रिकार्ड की जाती है। सीसीटीएनएस में यह निर्धारित समय पर ही करना होगा, जिसमें किसी भी प्रकार का फेरबदल सम्भव नहीं हो सकेगा।