सड़क किनारे कचरे में बिखरे पड़े नरमुंड और कंकाल पर जिस किसी राहगीर की नजर पड़ी वह सन्न रह गया।
वह थोड़ा ठिठका और उसने दूसरे राहगीर को बताया। देखते ही देखते सैंकड़ों राहगीर तमाशबीन बन गए। पूरे इलाके में नरमुंड और कंकाल मिलने की सूचना आग की तरह फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। एक बारगी तो मौके के हालात देख पुसिल वाले भी सन्न रह गए। सामने 15—20 कंकाल के अवशेष पड़े थे।
पुलिस ने इन नरमुंड और कंकालों की जांच कर राहत की सांस ली। दरअसल, से नर कंकाल और नरमुंड असली नहीं थे, बल्कि डमी थे। यह चौंकाने वाला वाकया आज जयपुर के सुभाष चौक थाना इलाके में हुआ। जहां गंगापोल स्थित रावल जी का बाजार में कचरा डिपो के आसपास आज शाम को स्थानीय लोगों ने करीब 15—20 नरमुंड व कंकाल के टुकड़े पड़े देखें। दूर से देखने पर वह हूबहू असली नजर आ रहे थे।