करीब डेढ़ साल पहले पैरोल लेकर जेल से फरार हुए एक बदमाश को अपनी प्रेमिका से मिलना भारी पड़ गया। प्रेमी और प्रेमिका के साथ होने की भनक पुलिस को लग गई। बस फिर क्या था पुलिस ने घेराबंदी कर दबिश दी तो फरार आरोपी पकड़ा गया। यह कार्रवाई की है राजधानी जयपुर की मुरलीपुरा थाना पुलिस ने।
डीसीपी अशोक गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के नारनौल निवासी संदीप यादव है। वह हत्या के केस में बीकानेर जेल में बंद था। करीब डेढ़ साल पहले पैरोल पर फरार हो गया था। जिसकी पुलिस को तलाश थी। बीती रात को मुरलीपुरा थानाप्रभारी नवीन खंडेलवाल को सूचना मिली कि आरोपी संदीप मंगलवार को प्रेमिका से मिलने के लिए जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में आया था।
तब पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी संदीप को धरदबोचा। थानाधिकारी नवीन खण्डेलवाल ने बताया कि संदीप ने कुछ साथियों के साथ मिलकर पिछले साल झूंझुनू के सिंघाना में एक व्यक्ति की हत्या कर दी। तब से वह बीकानेर जेल में बंद था। फरवरी 2016 में पैरोल पर फरार हो गया था।