नागौर के मौलासर थाना क्षेत्र के लादड़िया गांव में आधी रात को लोगों ने एक शिक्षक की जमकर धुनाई की और उसके बाद बाल काट डाले। इस शिक्षक पर आरोप है कि यह वहां एक छात्रा के घर गलत नीयत से मिलने के लिए आया था।
आरोपी बाबूलाल लादड़िया स्थित श्री मानदास सीनियर सैकंडरी स्कूल में शिक्षक है। उसे हैडमास्टर की जिम्मेदारियां भी दी गई हैं। बाबूलाल आधी रात को अपने स्कूल से तीन किमी दूर पहुंचा तो वहां खेत में काम करने वालों ने उसे रोककर पूछताछ की। यहां लोगों ने पहले उसे चोर समझा। लोगों ने उसका पीछा किया तो वह एक घर के सामने रुक कर अन्दर घुसने की कोशिश कर रहा था। यह घर उसके स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा का था।
लोगों ने उसे पकड़ लिया और आधी रात को गांव मे आने की वजह पूछी तो वह सकपका गया और कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया। इसके बाद गांव वालों ने शिक्षक की जमकर धुनाई कर दी और उसे एक पेड़ से बांध दिया। गुस्साएं लोगों ने उसका मुंडन भी कर दिया।
गांव में झगड़े की सूचना मिलने पर सुबह मौलासर थाना पुलिस भी पहुंच गई और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा के पिता ने पुलिस थाने में बाबूलाल के खिलाफ बदनीयती से घर में प्रवेश का मामला दर्ज करवाया है। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला भी जड़ दिया। बाद में लोगों से समझाइश कर पुलिस ने ताला खुलवाया।