सास-ससुर की प्रताड़ना से परेशान जयपुर निवासी युवक ने अजमेर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक ने सुसाइड नोट के जरिए सास-ससुर को सजा दिलवाने की भी पुलिस से गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में जयपुर के सिरसी निवासी सुरेन्द्र सिंह रावत ने कमरा बुक किया था। सुुरेन्द्र 20 जून को अजमेर आया था। अंतिम बार उसे 21 जून को देखा गया। शुक्रवार सुबह जब होटल मालिक अनिल होटल आया तो उसे सुरेन्द्र के कमरा नम्बर 103 से बदबू आई। इस पर उसने कमरे का गेट खटखटाया। कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने इस सम्बंध में क्लाॅक टावर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़कर देखा तो सुरेन्द्र का शव फंदे से लटका मिला।
मृतक का लिखा सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया है जिसमें उसने लिखा कि उसकी जिंदगी उसके सास—ससुर ने बर्बाद कर दी। उनकी प्रताड़नाओं से तंग आकर ही वह मौत को गले लगा रहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।