कोचिंग सिटी कोटा में एक स्टूडेंट की लाश संदिग्ध परिस्थितियो में नहर में मिली। यह छात्र दो दिन से लापता था।
कोटा के बोरखेड़ा इलाके से दो दिन पहले लापता हुए काॅलेज छात्र सिद्धार्थ का शव आज थेगड़ा के पास नहर में मिला। नहर में शव दिखाई देने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, इसके बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
मृतक छात्र सिद्धार्थ यहां करियर पाइंट विश्वविद्यालय से बीसीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और लापता होने वाले दिन भी कॉलेज में पढ़ाई करने के लिए गया था। सिद्धार्थ का स्कूटर भी नहर के किनारे मिला। परिजनों ने भी सिद्धार्थ की मौत को लेकर किसी पर आशंका जाहिर नहीं की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
राजस्थान में कोटा शहर कोचिंग सिटी के नाम से जाना जाता है। यहां पर देशभर से छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग कर रहे है। पिछले कुछ अरसे से यहां छात्रों द्वारा आत्महत्या करने की कई घटनाएं सामने आ चुकी है। इसके पीछे मुख्य कारण पढ़ाई का तनाव और घर के माहौल से दूर रहना है। इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए सरकार भी प्रयास कर रही है।