जयपुर जिले की कोटपूतली तहसील में एक बार फिर से आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। करीब 50 लाख रुपए कीमत की यह अवैध एक ट्रक में छिपाकर हरियाणा से गुजरात ले जाई जा रही थी, कि कोटपूतली में जयपुर—दिल्ली हाइवे पर आबकारी टीम ने नाकाबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।
तस्करी के आरोप में उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। ट्रक में छिपा रखे अवैध शराब के 1120 कार्टन जब्त कर लिए। जिनमें करीब 11 हजार 292 बोतलें और 8 हजार 592 पव्वे मिले। यह कार्रवाई आबकारी निरीक्षक भानुमती गोगावत के नेतृत्व में गठित टीम ने की। जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा एक ट्रक हरियाणा से गुजरात जाने के लिए रवाना हुआ है। गुरुवार तड़के ट्रक कोटपूतली तहसील में प्रवेश किया। तभी हाइवे पर गोनेड़ा चेक पोस्ट पर आबकारी विभाग के दस्ते ने ट्रक को रुकवा लिया। ड्राइवर से पूछताछ के बाद ट्रक के तिरपाल को हटाकर देखा तो शराब के कॉर्टन भरे हुए नजर आए। पूछताछ में शराब हरियाणा निर्मित होने का पता चला।