अभ्यारण्य से सटे एक गांव में आज दो पैंथर शावक मरे हुए पाए गए, जिससे सनसनी फैल गई। वन विभाग ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के करौली जिले में कैलादेवी अभ्यारण्य से सटे गोपालपुरा गांव में आज सुबह स्थानीय लोगों ने पैंथर के दो शावकों के शव पड़े देखे। इसकी सूचना पर आसपास के गांवों से बड़ी से संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
वनकर्मियों ने दोनों शावकों के शवों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरु की गई। मामले में फिलहाल वन विभाग के अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। वे शावकों की मौत के स्पष्ट कारणों के बारे में नहीं बता पा रहे है।
प्रारंभिक तौर पर जंगली कुत्तों के द्वारा शिकार कर पैंथर के मासूम शावकों को मारने की बात सामने आ रही है। कहीं शिकारियों ने तो इन शावकों को नहीं मारा, इस पहलू से भी पड़ताल की जा रही है।