प्रदेश में आज दिनदहाड़े हथियारबंद चार बदमाश महज 5 मिनट में मणप्पुरम गोल्ड लोन फायनेंस कंपनी में वारदात कर 25 किलो सोना लूट कर भाग निकले। वारदात से पुलिस महकमे और व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
लूटे गए सोने की कीमत करीब 6 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। गोल्ड लूट की यह बड़ी वारदात कोटा शहर के नयापुरा थाना इलाके में हुई। जहां मुख्य बाजार में मणप्पुरम गोल्ड लोन कंपनी का आॅफिस है।
दोपहर करीब 1 बजे चार युवक गोल्ड लोन कंपनी में घुसे। तब वहां सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। ऐसे में मौका पाकर दो लुटेरों ने रिवॉल्वर निकालकर वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को धमकाया।
मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग निकले
सीसीटीवी फुटेज में कैद बदमाश
- फोटो : Vishnu Sharma
लुटेरों ने कंपनी कर्मचारियों को एक जगह इकट्ठा कर बंधक बना लिया और रिवॉल्वर की नोंक पर कर्मचारी से चाबी छीनकर तिजोरी खोल ली। बाकी दोनों बदमाशों ने वहां रखा सोना एक बैग में भर लिया। करीब पांच मिनट में वारदात करने के बाद लुटेरे मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग निकले।
वारदात के बाद बैंक मैनेजर ने सायरन बजाया तब आसपास के लोगों को पता चला। सूचना मिलने के महज दो मिनट के भीतर ही नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी मिलते ही आईजी रेंज विशाल बंसल, एसपी कोटा अंशुमान भोमियां भी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई जिसमें चारों लुटेरों का हुलिया सामने आया। इस आधार पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।