पुलिस से बेखौफ हथियारबंद तीन बदमाशों ने दो व्यापारियों को गोली मारकर करीब 25 लाख के जेवरात और पौने 2 लाख रुपए नकद लूट लिए। यह वारदात एडिशनल एसपी आॅफिस से महज 150 मीटर दूर एक कॉम्पलेक्स में बनी दुकानों में हुई।
इससे आक्रोशित व्यापारियों ने मौके पर पहुंची पुलिसकर्मियों की गाड़ी पर पत्थर फेंके। दुकानें बंद कर दी। सीसीटीवी फुटेज में सामने आए हुलिए के आधार पर गुनाहगारों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के तार हरियाणा की एक प्रोफेशनल गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
जानलेवा हमले और लूट की यह वारदात राजस्थान में अलवर जिले के नीमराना कस्बे में शाम को हुई। जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से महज कुछ दूर सशस्त्र बदमाशों ने कृष्णा टॉवर में वारदात की।
हरियाणा नंबर की गाड़ी में बैठकर भाग निकले
loot demo pic
- फोटो : Demo pic
जानकारी के मुताबिक, तीन बदमाश टॉवर में स्थित योगेश ज्वैलर्स और खंडेलवाल ट्रेडर्स की दुकान में घुस गए। वहां योगेश ज्वैलर्स के मालिक और उनकी पत्नी को रिवॉल्वर दिखाकर दुकान में करीब 25 लाख की ज्वैलरी और करीब 1.80 लाख रुपए नकद लूटे। इस दौरान वहां मौजूद ग्राहकों और अन्य लोगों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी।
इससे व्यापारी दामोदर व कैलाश गोली लगने से जख्मी हो गए। वारदात के बाद बदमाश हरियाणा नंबर की गाड़ी में बैठकर भाग निकले। सूचना मिलने पर नीमराणा थानाप्रभारी हितेश शर्मा और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां व्यापारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा।