नए साल के जश्न से पहले ही राजधानी में अवैध शराब की सप्लाई के लिए बदमाश नए नए तरीके तलाश कर रहे हैं। ऐसे ही एक स्विफ्ट कार में छिपाकर अवैध शराब की पेटियां ला रहे दो युवक आज पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने शराब तस्करी के उपयोग में आई दो कार और उसमें छिपा रखी 324 बोतल राॅयल स्टेग व्हीस्की व 24 बोतल राॅयल चैलेंज व्हीस्की जब्त कर ली।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) अशोक गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार कार चालक भागचन्द जाट उम्र 21 साल निवासी अमीपुरा थाना फुलेरा और गजेन्द्र सिंह उर्फ गज्जू उम्र 21 साल निवासी गांव ईटावा थाना फुलेरा है। डीसीपी ने बताया कि न्यू ईयर से पहले लगातार सूचना मिल रही थी कि छोटे वाहनो में भी हरियाणा से शराब जयपुर शहर में आ रही है।
इस पर एडिशनल डीसीपी रतन सिंह के निर्देशन में टीम गठित की गई। आज हरमाड़ा की दौलतपुरा इन्चार्ज सब इंस्पेक्टर हवासिंह को सूचना मिली कि हरियाणा से दो कारों में अवैध शराब तस्करी कर जयपुर लाई जा रही है। इस पर पुलिस ने दो जगहों पर नाकाबंदी करवाई।