अवैध शराब तस्करी के लिए तस्करों ने बचने के लिए एक ऐसा तरीका अपनाया जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
नाकाबंदी में पकड़े गए ट्रेलर की तलाशी लेने पर चारे-भूसे के कट्टों के नीचे करीब 50 लाख रुपयों की अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टन नजर आए तो पुलिस भी हैरान रह गई। मामले में पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कंटेनर के ड्राइवर व खलासी को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई बीती देर रात को हुई। शाहपुरा थानाप्रभारी वीरेंद्र सिंंह राठौड़ के मुताबिक आरोपी ट्रेलर चालक बजरंग विश्नोई (29) और खलासी भजनलाल विश्नोई (27) है। ये दोनों राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना तहसील के रहने वाले है। बीती रात को पुलिस कांस्टेबल बबलेश को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा एक कंटेनर दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहा है। तब पुलिस ने जयपुर-दिल्ली हाइवे पर अलवर तिराहे पर नाकाबंदी करवाई।
हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश निर्मित है लाखों की अवैध शराब
demo pic
- फोटो : अमर उजाला
सूचना के मुताबिक उक्त नंबर के कंटेनर दिल्ली की ओर से अलवर तिराहे पर पहुंचने पर पुलिस टीम ने उसे रुकवाया। ट्रेलर के ड्राइवर बजरंग ने पुलिस को बताया कि ट्रेलर में चारे-भूसे के डूंडलों के कट्टे भरे हुए है, लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली।
तब भूसों के कट्टों के नीचे अवैध अंग्रेजी शराब के 1 हजार 248 कार्टन नजर आए। यह देख पुलिस भी हैरान रह गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कंटेनर जब्त कर लिया। इन शराब के कार्टनों में अंग्रेजी शराब की बोतलें और पव्वे मिले थे। जिनकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी जा रही है। इन पर हरियाणा और अरुणाचल प्रदेश लिखा था।