एक भीषण सड़क हादसे में आज पुलिस पेट्रोलिंग जीप व कार में भिडंत हो गई। जिसमें स्विफ्ट कार में सवार महिला न्यायिक मजिस्ट्रेट व उनकी मासूम ढाई साल की बेटी की मौत हो गई। वहीं, पति गंभीर रुप से घायल हो गए। इस हादसे में पुलिस पेट्रोलिंग जीप में सवार चार पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए है।
पुलिस के अनुसार यह हादसा बुधवार को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ तहसील में बाइपास रोड पर सेठों की कोठी गांव के पास हुआ। तारानगर न्यायिक मजिस्ट्रेट राजदीप कौर अपने पति देवेन्द्र सिंह व ढाई वर्षीय बेटी नमृता के साथ कार से चुरू से जयपुर आ रहे थे। सेठों की कोठी के पास सामने से आ रही पुलिस की हाईवे पेट्रोलिंग की गाड़ी मजिस्ट्रेट की गाड़ी से टकरा गई। हादसे में ढाई वर्षीय नमृता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मजिस्ट्रेट राजदीप कौर व उनके पति समेत पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी में सवार चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
लोगों ने कार व जीप में मौजूद घायलों को बाहर निकाला
road accident
- फोटो : Demo pic
हादसे को देखकर स्थानीय लोगों ने मदद कर कार व जीप में मौजूद घायलों को बाहर निकाला। तब तक सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी डॉक्टर तेजपाल सिंह और न्यायिक विभाग के अधिकारी—कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायलों को सीकर के श्रीकल्याण अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने न्यायिक मजिस्ट्र्रेट राजदीप कौर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल राजदीप कौर के पति देवेंद्र सिंह तथा पुलिस एएसआई पप्पू सिंह, सिपाही सब्बीर हल्लाह और भंवरलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
हादसे का पता चलने पर न्यायिक विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों तथा राजदीप कौर के बैचमेट्स में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे की पड़ताल शुरु कर दी है।